अमर उजाला ब्यूरो
समालखा।
134ए के तहत बच्चों को निजी स्कूल अलॉट करने के लिए सोमवार को खंड शिक्षा कार्यालय के द्वारा अलॉटमेंट लेटर दिए गए। कुछ अभिभावकों ने उनके लाडलों की पसंद के अनुसार स्कूल अलॉट न होने पर हंगामा खड़ा कर दिया। विवाद को बढ़ता देखकर बीईओ ने समालखा थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिभावकों को शांत कर वापस घर भेज दिया। इस वजह से काफी देर तक कार्यालय का काम ठप रहा। उल्लेखनीय है कि 134ए के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को निजी स्कूल अलॉट किए जा रहे हैं, जहां पर वे एडमिशन ले सकते हैं। इसको लेकर सोमवार को बीईओ कार्यालय पहुंचे शास्त्री कालोनी निवासी अभिभावक सोनू ने अधिकारियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अपने जानकारों को अधिकारी उनकी मर्जी के अनुसार स्कूल अलॉट कर रहे हैं। जबकि ऐसे अभिभावक जिनकी कोई सिफारिश नहीं है, उन्हें अपनी मर्जी से स्कूल अलॉट किए जा रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि वह जिस स्कूल में बच्चे का एडमिशन करवाना चाहते थे उसे देने से इंकार कर दिया। हंगामे के चलते कार्यालय में काम बाधित हो गया। जिस कारण अन्य अभिभावकों को परेशानी हुई। इस बारे में बीईओ बृजमोहन गोयल का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मेरिट के आधार पर स्कूल अलॉट किए जा रहे हैं। हंगामा करने वाले अभिभावक को डीएवी स्कूल अलॉट किया गया था लेकिन बाद मेें वह किसी दूसरे स्कूल में अपने बच्चे का एडमिशन कराना चाह रहे थे।
पसंद का स्कूल न मिल पाने पर अभिभावक ने किया हंगामा
- 134ए के तहत स्कूल अलॉटमेंट का मामला, बीईओ ने मौके पर बुलाई पुलिस
फोटो सं या 31