पानीपत। कोरोना की चौथी लहर की सुगबुगाहट होने लगी है। पिछले 11 दिन में कोरोना के 102 मरीज मिल चुके हैं। इस माह हर 28वां सैंपल पॉजिटिव मिल रहा है। अब जुकाम और खांसी से पीड़ित लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। ओपीडी में आने वाले इन रोगियों को कोविड जांच कराने की सलाह दी जा रही है। बृहस्पतिवार को भी कोरोना के नए 10 केस मिले। सात लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। दूसरी और तीसरी लहर की अपेक्षा इस बार सैंपलिंग की संख्या 70 प्रतिशत तक कम है। बृहस्पतिवार को महज 222 लोगों ने कोरोना जांच कराई है। पिछली लहरों में हर रोज 1200 से अधिक सैंपलिंग होती थी। पिछले 11 दिन में महज 2855 लोगों की कोविड जांच हुई है। प्रतिदिन की कोरोना पॉजिटिविटी दर नौ प्रतिशत है। अब जिले में कोरोना के एक्टिव केस 60 हैं।
वहीं दूसरी ओर मंकीपॉक्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ब्रिटेन, स्वीडन, नाइजीरिया, कनाडा, आस्ट्रेलिया, यूरोप, बेल्जियम, जर्मनी, स्पेन, फ्रांस और अमेरिका सहित 21 देशों से आने वाले लोगों पर नजर रख रहा है। जिले में अब कोरोना के रोगियों की संख्या 36411 हो चुकी है। इसमें से 35164 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 678 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले का कोरोना पॉजिटिविटी रेट अब तक छह प्रतिशत है। स्वास्थ्य विभाग अब कोरोना को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी कर चुका है। विभाग को अब इन गाइडलाइन के अनुसार काम करना होगा।
लोगों से अपील लक्षण हैं तो जांच कराएं : डॉ. जयंत
कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि अगर उनमें कोरोना के लक्षण हैं तो जांच अवश्य करवाएं। डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि जो भी बुखार, खांसी व जुकाम के रोगी आते हैं, उनकी कोविड जांच कराई जाए।
- डॉ. जयंत, सिविल सर्जन