पंचकूला। पंचकूला-शिमला हाईवे पर पिंजौर के रामपुर सियुड़ी पुल से रविवार शाम एक युवक ने करीब 55 फुट नीचे छलांग लगा दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब सात बजे की है। युवक पहले पुल पर आया और कुछ देर वहां खड़ा रहने के बाद वापस चला गया। करीब पांच मिनट बाद वह दोबारा पुल पर पहुंचा और अचानक नीचे छलांग लगा दी। युवक को नीचे गिरता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे संभाला और पास क्लिनिक पर ले गए। प्राथमिक जांच के बाद युवक को ऑटो से सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।