युवक के पास कोई पहचानपत्र या टिकट न मिलने से अभी नहीं हुई शिनाख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ के शौचालय में सोमवार को एक युवक ने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत युवक के पास कोई पहचानपत्र या टिकट नहीं मिलने से अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवक की उम्र करीब 28 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। घटना का पता तब चला जब ट्रेन को चंडीगढ़ से वॉशिंग के लिए कालका ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने युवक के शव को कालका के सब डिविजल अस्पताल (एसडीएच) के शवगृह में रखवाया है। उसके पास से कुछ सामान भी मिला है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी के अनुसार, सोमवार सुबह चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ चंडीगढ़ से कालका रेलवे स्टेशन की तरफ आ रही थी। चंडीमंदिर से गुजरने के दौरान एक अन्य ट्रेन के आगे गोवंश के आने की वजह से सिग्नल लाल कर दिया गया था, जिससे गरीब रथ रुक गई।
इसी दौरान ट्रेन की जांच करते वक्त अटेंडेंट को कोच नंबर जी-14 का शौचालय बंद मिला। आवाज देने पर अंदर से किसी ने जवाब भी नहीं दिया। अटेंडेंट ने इसकी जानकारी गार्ड को दी। फिर इलेक्ट्रिकल स्टाफ को सूचित किया गया। सुबह 8:45 बजे ट्रेन जब कालका रेलवे स्टेशन पहुंची तो जीआरपी की मौजूदगी में शौचालय का दरवाजा खोला गया। अंदर एक युवक गमछे के सहारे लटका मिला। जांच करने पर वह मृत पाया गया। उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य चलने के कारण चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ को वॉशिंग के लिए कालका भेजा गया था।
अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से एक बैग मिला है, जिसमें कंबल, टूथपेस्ट और कुछ पैसे हैं। शव को 72 घंटे के लिए कालका अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
- सतपाल सिंह, एसएचओ, जीआरपी कालका