पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले दो सप्ताह में तांबे की तार, पंखे और अन्य सामान चोरी होने के तीन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। ताजा मामले में वीरवार को अस्पताल स्टाफ ने एक युवक को कापर वायर चोरी कर ले जाते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पीएमओ डॉ. आरएस चौहान मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। युवक के कब्जे से कापर वायर के टुकड़े बरामद होने की बात सामने आई है। कर्मचारियों ने जांच की तो कुछ स्थानों पर वायर कटी हुई मिली। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद लगातार हो रही चोरियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संवाद