संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। सेक्टर-10 में पुरानी रंजिश में युवक पर रॉड व डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जीरकपुर निवासी अभिषेक मिथानी ने दी शिकायत में बताया कि उसकी हरमिलाप नगर में कपड़े की दुकान है। वीरवार रात को वह अपने दोस्त मैहुल सैनी के साथ गाड़ी में घूम रहा था। उसी दौरान मैहुल सैनी के फोन पर चीकू का फोन आया कि वह सेक्टर-10 में खड़ा है। वह मिलना चाहता है। कुछ देर बाद शिकायतकर्ता व उसका दोस्त 9 व 10 के चौक पर पहुंचे तो मैहुल गाड़ी से उतरकर चीकू से बात करने लगा। उसके बाद चीकू ने गाड़ी में बैठे शिकायतकर्ता का हाथ पकड़कर कहा कि नीचे उतर और हमारी गाड़ी में आकर बैठ। तेरे साथ पिछला हिसाब क्लियर करना है। इसके बाद शिकायतकर्ता गाड़ी से नीचे उतर गया। गाड़ी में पहले ही चार लड़के बैठे थे। उसके बाद चीकू व अन्य लड़कों ने शिकायतकर्ता पर डंडे और रॉड से उसे पीटना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।