पंचकूला। छह साल के बच्चे के साथ मारपीट कर उसका दांत तोड़ने के करीब चार साल पुराने मामले में जिला अदालत ने आरोपी युवक को सबूतों के अभाव के चलते बरी कर दिया है। युवक की पहचान बाबू राम निवासी गांव दंदलावद रायपुररानी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कृष्ण लाल नामक युवक ने उसके भाई के पोते के साथ मारपीट करने के आरोप में रायपुररानी थाना पुलिस में सितंबर 2020 में मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करवाया था। लेकिन अदालत में आरोपी की ओर से लगाए गए आरोप साबित नहीं हुए।यह था मामला
एफआईआर के मुताबिक कृष्ण लाल ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि उसके घर के पास रहने वाले बाबू राम नाम के युवक ने गली में एक बिजली का खंभा रखा हुआ है जो कि उसके मकान के सामने रखा हुआ था। उसने इस खंभे को सुरक्षित जगह रखने के लिए कहा था तो बाबू राम उसके साथ गाली गलौज करने लगा था। इस दौरान बाबू राम ने उसके भाई के छह साल के पोते कुनाल के मुंह पर मुक्का मारा दिया था, जिससे उसका दांत टूट गया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया था।