संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-1 पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में संस्कार भारती ने श्री रामोत्सव कवि सम्मेलन आयोजित किया। भारत माता पूजनोत्सव के उपलक्ष्य में हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में श्री रामोत्सव कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में रयात बहारा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. परविंदर सिंह, विशिष्ट अतिथि नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल और हरियाणा कला परिषद के निदेशक नागेंद्र शर्मा ने शिरकत की।
कवि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय कवियों ने कविता पाठ किया। इस दौरान राजेश अग्रवाल, गौरव चौहान, अजय अंजाम, डॉ. रुचि चतुर्वेदी व यश कंसल ने श्री रामोत्सव पर आधारित कविता पाठ कर सबका दिल जीत लिया। राजेश अग्रवाल ने अपनी कविताओं में ‘बारी तेरी आएगी, मन तू धर ले धीर, केवल लिखना सीख ले, तू अपनी तकदीर' यश कंसल ने 'पिछली पीढ़ी ने बोला था राम हैं, अगली पीढ़ी से तुम कहना राम हैं, डा. रुचि चतुर्वेदी ने 'लाल महावर लगे मेरे इन पांच की चिंता मत करना, सीमा पर जागे रहना तुम गांव की चिंता मत करना', गौरव चौहान ने 'अमन और एकता के गीत सुबह-शाम बोलेंगे, किसी मजहब को हरगिज हम नहीं बदनाम बोलेंगे' अजय अंजाम ने ''हमारे कंठ से रण का अटल संग्राम बोलेगा, जो बन कर हो गया तैयार अब वह धाम बोलेगा पर अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान ब्रह्मऋषि कॉलेज ऑफ एजुकेशन की अध्यक्षा स्वामी अमृता दीदी, हरियाणा बाल कल्याण परिषद की महासचिव रंजीता मेहता, पंचकूला भाजपा अध्यक्ष दीपक शर्मा और उपाध्यक्ष हरेंद्र मलिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पूर्व श्रीपार्थो की लिखी सनातन धर्म किताब का विमोचन किया गया। इसमें लेखक ने सनातन धर्म के बारे में विवरण दिया है।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कार भारती पंजाब प्रांत की अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पंजाबी लोक गायिका सुखमिंदर कौर बराड़ थीं।