संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। बरवाला खंड के गांव भगवानपुर में अमेरिका में एमबीए की पढ़ाई करने गए 25 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया। मृतक के पिता गुरजीत सिंह उर्फ बंटू ने बताया कि विवेक सैनी 2 वर्ष पहले अमेरिका में एमबीए की पढ़ाई करने गया था। जो अमेरिका के लिथोनिया शहर में बतौर क्लर्क के पद पर पार्ट टाइम कार्य करता था। उसे 26 जनवरी को भारत में छुट्टी के दौरान अपने घर आना था। अमेरिका में विवेक सैनी के साथ काम कर रहे उसके दोस्त ने बताया कि अपराधी तीन-चार दिन से विवेक से खाने पीने की वस्तुएं मुफ्त ले जाता था। एक दिन फ्री में देने के बाद वह रोज समान फ्री में सामान लेने रोज आ जाया करता था, लेकिन 14 जनवरी को विवेक सैनी ने अपराधी को फ्री में सामान देने से मना कर दिया। इसी वजह से करीब 25 वर्षीय बेघर अपराधी ने हत्या का प्लान बनाया और विवेक सैनी पर हथौड़े से वार नीचे गिरा दिया और लगातार सिर पर हथौड़े से वार करता रहा। लगभग 10 दिनों की कानूनी प्रक्रिया के बाद अमेरिका से वीरवार को विवेक सैनी के शव को भारत में जिला पंचकूला के गांव भगवानपुर में घर लाया गया और उसका को अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से बरवाला व पूरे गांव में शोक की लहर है। ऐसे में विदेश में पढ़ाई करने जा रहे युवकों के लिए विदेश में हर समय सतर्क रहने की जरूरत है।