कालका। वार्ड नंबर 3-4 के बीच के क्षेत्र में सार्वजनिक पानी की आपूर्ति के लिए नल लगा हुआ था। पानी का यह सार्वजनिक नल करीब 40 साल पुराना था और इससे केवल वार्ड 3-4 के निवासी ही नहीं, बल्कि वार्ड नंबर- 5 के लोग भी इसका भरपूर फायदा ले रहे थे। लेकिन अब पिछले दिनों अचानक से इस सार्वजनिक नल के पानी की आपूर्ति काट दी गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह बाद आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल ने उस समय कही जब वह लोगों की समस्या सुनने पहुंचे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सालों पहले लोगों ने बड़ी मेहनत से अपने पैसे इकट्ठे करके विभाग को देकर यह नल लगवाया था। दुर्गा मंदिर के सामने स्थित इस पानी के नल से आसपास के लोगों को तो फायदा हो ही रहा था बल्कि जो श्रद्धालु धार्मिक स्थल पर पहुंचते थे, उनके लिए भी उस नल की वजह से बहुत सुविधा रहती थी। लेकिन बेहद दुर्भाग्य की बात है कि सरकारी नुमाइंदों ने जनता को इस सुविधा से वंचित कर दिया और धार्मिक स्थल से इस नल को बंद करना बेहद शर्मनाक है। उन्होेंने बताया कि लोगों को विभाग के अफसरों ने कहा कि आप पाइप का पैसा जमा कर दें, विभाग अपने कारीगर भेजकर इसे चालू करवा देगा और यह किया भी गया। लेकिन फिर दोबारा से इसको बंद कर दिया गया और यह कहा गया कि सार्वजनिक नल बंद किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह समझ से बाहर है कि किस कानून के तहत 40 साल पुराना यह सार्वजनिक नल बंद किया गया है और क्या कोई ऐसा कानून है, जो जनता को उनकी मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित कर सके। या उनके मौलिक अधिकारों का हनन कर सके। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जनता की परेशानी को समझते हुए इस सार्वजनिक नल की आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए ताकि जनता को राहत मिल सके। इस मौके पर गुरचरण सिंह करणपुर, पंडित हरिराम, पंडित देवराज, पंडित अशोक गौतम, विशन दत्त, सुनील दत्त, तनु बाबा, पुष्पा देवी, निर्मला देवी, सत्या, बिमला, शीला, नैना देवी, गंगाराम, रमेश, अंजना, अंन्नू, उषा, बंटी गौतम, रुचि, भावना, गौरव, प्रवीण, नवीन, सुशील, अनिल, राहुल और अन्य मौजूद रहे।