माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा महिला विकास निगम की तरफ से प्रदेश के बीपीएल परिवारों की लड़कियों और महिलाओं के लिए पंचकूला में 10 दिन का ई-रिक्शा प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण महिलाओं को निशुल्क प्रदान किया जाएगा। हरियाणा महिला विकास निगम की जिला प्रबंधक कमलेश कुमारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए लड़कियां, महिलाएं हरियाणा राज्य की मूल निवासी होनी चाहिए। उनकी आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाली महिलाएं और लड़कियां 8वीं पास होनी चाहिए। उच्चतर शैक्षणिक योग्यता को वरीयता दी जाएगी।
अच्छी दृष्टि (रंग दृष्टिहीनता न हो) एवं वैध लर्नर लाइसेंस धारक होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) या जिस परिवार की वार्षिक आय परिवार पहचान पत्र में 1.80 लाख रुपये या इससे कम है, ऐसे परिवारों की महिलाएं और लड़कियां ही आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा की इच्छुक पात्र लड़कियां और महिलाएं ई-मेल hwdcpanchkulagmail.com और ऑफलाइन संबंधित जिला कार्यालय में आवेदन कर सकती हैं। योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित दस्तावेज आवेदन के साथ जमा करवाने होंगे। इन दस्तावेजों में आवेदन पत्र, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार की फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र शामिल हैं।