पंचकूला। चेक बाउंस मामले में जिला अदालत ने एक महिला को दोषी करार देकर उसे एक साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही चेक की रकम डेढ़ गुना कीमत के साथ लौटाने का फैसला सुनाया है। दोषी की पहचान नीतू सिंह निवासी ढकोली के रूप में हुई है। बलटाना के रहने वाले चमन लाल ने दोषी महिला के खिलाफ जिला अदालत में चेक बाउंस का केस फाइल किया था। चमन लाल ने अदालत में दायर की शिकायत में बताया कि दोषी महिला के पति ने उससे 1.47 लाख रुपये मांगे थे। पैसे लौटाने के लिए महिला के पति ने उसे 4 दिसंबर 2018 को 1.47 लाख रुपये का चेक दिया था। जब शिकायतकर्ता ने चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद दोषी महिला और उसके पति ने ज्वाइंट अकाउंट से उसे 22 अप्रैल 2019 को दोबारा 1.47 लाख रुपये का चेक दिया था। जब शिकायतकर्ता ने चेक दोबारा से बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने महिला को लीगल नोटिस भेजने के बाद जिला अदालत में चेक बाउंस का केस फाइल किया था।