रायपुररानी। रायपुररानी थाना क्षेत्र के एक बैंक में महिला कर्मचारी ने एक युवक पर पीछा करने, आपत्तिजनक मैसेज भेजने, धमकी देने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि जब भी वह बैंक आती हैं तो तभी गढ़ी-कोटाहा निवासी युवक रोबिन रास्ते में उनकी एक्टिवा के पीछे अपनी गाड़ी लगाकर पीछा करता है। कई बार वह रास्ता रोककर जबरदस्ती बात करने की कोशिश करता है और धमकी देता है कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो वह उन्हें अगवा कर लेगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि रोबिन उनको अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कॉल, वीडियो, चैट और आपत्तिजनक संदेश भेजता है। आरोपी ने उस पर शादी और धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव डाला है। इस बारे में पीड़िता ने आरोपी युवक की मां से भी शिकायत की थी, लेकिन वह नहीं माना। 14 जुलाई को बस स्टैंड पर हुई एक और घटना के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी बैंक स्टाफ और विश्व हिंदू परिषद के एक स्थानीय पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा को दी और उनके साथ वह थाना रायपुररानी पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। रायपुररानी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।