पंचकूला। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ 400 अनुयायियों को नपुंसक बनाने के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने मुख्य गवाह और पीड़ित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होने की अनुमति दी है। इस मामले में मुख्य गवाह के वकील ने याचिका दायर की थी। वर्ष 2015 में पीड़ित की याचिका के बाद सीबीआई ने डेरा प्रमुख के खिलाफ मामला दर्ज किया था और 2018 में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। अपने वकील के माध्यम से पंचकूला की एक निचली अदालत में पेश हुए पीड़ित ने बताया कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जान को खतरा होने के कारण वह जून 2024 में पत्नी और तीन बच्चों के साथ अमेरिका चला गया था। सीबीआई की विशेष अदालत में पीड़ित की पेश हुई वकील ने बताया कि पीड़ित एक महत्वपूर्ण गवाह है और वर्तमान में वह अमेरिका में है। आरोपी राम रहीम के दबदबे को देखते हुए वह गवाही के लिए अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश होना चाहता है।