संवाद न्यूज एजेंसीकालका। पुराना क्रेडिट कार्ड बंद करवाने और नया कार्ड एक्टिवेट करवाने की बात कहकर खाते से दो लाख आठ हजार रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। मेन बाजार कालका निवासी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश कुमार जैन ने बताया कि वह मेन बाजार कालका का रहने वाला है। वह सरकारी राशन की दुकान का काम करता है। उसका एक निजी बैंक में खाता है, जिसका क्रेडिट कार्ड उसके पास था। बैंक ने उसे मार्च 2023 में एक नया क्रेडिट कार्ड जारी किया। उक्त क्रेडिट कार्ड का नंबर उसे कोरियर से प्राप्त हो गया था, लेकिन उसने नए कार्ड को एक्टिवेट नहीं किया था। 7 अप्रैल को उसके पास एक अनजान मोबाइल नंबर से फोन आया।
फोन पर बात करने वाला व्यक्ति स्वयं को बैंक कर्मचारी बता रहा था। उस व्यक्ति ने कहा कि आपने अपना नया क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट क्यों नहीं किया। जवाब में शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पास पहले से एक कार्ड है। वह इसे बंद कराना चाहता है। तब फोन पर बात कर रहे शख्स ने कहा कि वह इस कार्ड को बंद करवा देगा। शिकायतकर्ता राजी हो गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने बैंक की एक एप्लीकेशन खोलने को कहा। इसके बाद उसने राकेश कुमार जैन का नया कार्ड एक्टिवेट करवाया। इसके बाद एक लिंक भेजकर उसके ऊपर क्लिक करने को भी कहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे कुछ देर बाद ही मैसेज आया कि उसके नए क्रेडिट कार्ड से 28 हजार से ज्यादा रुपये कट गए हैं। वहीं 12 अप्रैल को उसे बैंक का मैसेज आया। इसमें उसको दो लाख आठ हजार से ज्यादा की पेमेंट करने को कहा गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से उक्त धोखाधड़ी की जांच कर उसके रुपये वापस दिलवाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।