पंचकूला। एक बुजुर्ग का सिम कार्ड बदलकर उसके खाते से 62 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पिंजौर निवासी मोहम्मद सरदार अली ने शिकायत में बताया कि वे हरियाणा रोडवेज चंडीगढ़ से सेवानिवृत्त हैं। 2 सितंबर को उन्हें एक व्यक्ति मिला उसने अपना नाम राजा बताया। उसने बताया कि वह माेबाइल ठीक करने का काम करता है। उसने कहा कि वह मोबाइल का गार्ड बदल देगा। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने घर चले गए। आरोपी शाम करीब सात बजे उनके घर पहुंचा, आरोपी ने उनके मोबाइल का गार्ड बदल 100 रुपये ले लिए। उस दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता को मोबाइल पैटर्न लॉक देख लिया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि चाय पिला दो तो वे रसोई में चाय बनाने के लिए चले गए। अगले दिन सुबह आरोपी उनके घर दोबारा पहुंचा और कहने लगा कि आपकी डिश ठीक कर देता हूं। उस समय शिकायतकर्ता का मोबाइल चार्ज नहीं हो रहा था। आरोपी बोला-आपका मोबाइल खराब हो गया है, इसे ठीक कर देता हूं। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता का सिम दूसरे फोन डाल दिया और बोला शाम तक आता हूं। इसके बाद लेकिन आरोपी नहीं आया। कुछ दिन बाद उन्होंने एटीएम से एक हजार रुपये निकलवाए तो उन्हें पता चला कि खाते में बैलेंस कम है। वे तुरंत बैंक गए और अपना खाता बंद करवाया। शिकायतकर्ता ने दी शिकायत में बताया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आरोपी ने उनका सिम इस्तेमाल कर रुपये निकाले हैं।