पंचकूला। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 2844 लोगों को नोटिस देने के बाद भी लोग जागरूक नहीं हुए है। स्वास्थ्य विभाग की अपील के बाद भी पंचकूला के साथ कालका, पिंजौर सहित सभी जगह डेंगू फैल रहा है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि वीरवार को जिले में डेंगू के आठ नए केस सामने आए हैं। अब तक जिले में 375 केस सामने आ चुके हैं।
डेंगू की जांच कर विभाग ने 81 सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि लोगों के घरों और कंटेनरों में जल जमाव के कारण अधिक लारवा मिल रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि बुखार के कारण इमरजेंसी में अधिक मरीज आ रहे हैं। इस कारण बेड के अलावा स्ट्रेचर पर भी मरीज लेट रहे हैं। जल्द ही मरीजों के लिए अलग से वार्ड की व्यवस्था की जाएगी। पीएचसी, सीएचसी और नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए दवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर के अंदर और बाहर पानी तीन दिन से अधिक नहीं रुकने दें।