पंचकूला। शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है। आदेशों के अनुसार पंचकूला समेत प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल 1 से 15 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सभी विद्यालय दिनांक 16 जनवरी से पूर्व की भांति नियमित रूप से खोले जाएंगे। शिक्षा विभाग ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि यह अवकाश सभी सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। विभाग ने यह निर्णय बढ़ती ठंड और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है ताकि बच्चों को ठंड में परेशानी से बचाया जा सके। शिक्षा विभाग पंचकूला ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वे सभी विद्यालयों में जारी आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करें। ब्यूरो