पंचकूला। शहर में शुक्रवार रात से हो रही बारिश शनिवार सुबह 11 बजे तक होती रही। इससे मौसम में ठंडक बनी रही। वीकेंड होने के चलते लोगों ने भी मौसम का आनंद लिया। शाम पांच बजे तक धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को शहर का अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।
शुक्रवार शाम को 40 मिनट तक तेज बारिश हुई थी। इससे शहर में जगह जगह जलभराव के हालात थे। लोगों के घरों में पानी घुस गया था। इसके बाद शाम तक आसमान में बादलों की अठखेलियां जारी रहीं। रात को तीन बजे के आसपास बारिश शुरू हो गई थी। कभी तेज तो कभी कम बारिश शनिवार सुबह 11 बजे तक होती रही।