माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के बेसमेंट में शुक्रवार को बरसाती पानी भरा गया। बारिश के कारण करंट उतरने के डर से लिफ्ट नहीं चलाई गई। इससे गायनी, ओपीडी और लैब में टेस्ट कराने आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने की वजह से सर्वर डाउन हो गया था। इस कारण दोपहर दाे बजे के बाद सभी काम मैन्युअल करना पड़ा। इस कारण टेस्ट भी बंद करने पड़े और रजिस्ट्रेशन भी मैन्युअल करने पड़े।
वीरवार और शुक्रवार की अल सुबह तेज बारिश के बाद बेसमेंट में पानी भर गया। अस्पताल की बेसमेंट में बने दवाइयों के स्टोर तक पानी पहुंचने से सफाई कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्टोर में रखी दवाइयों और बेड सीट को आनन-फानन में स्ट्रेचर और लकड़ी के आधार पर रखा गया। दिनभर बेसमेंट से पानी निकालने और पंखा चलाकर दवाइयों के स्टोर को सुखाने का काम चलता रहा। लीकेज की समस्या से अस्पताल प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी को कई बार अवगत कराया है, लेकिन सुनवाई नहीं होने की वजह से समस्या पैदा हो रही है।
इमरजेंसी में टपकता रहा बरसाती पानी
सिविल अस्पताल के भवन में लीकेज की समस्या लंबे समय से है। इस कारण यहां पर रखी दवाइयों के खराब होने की संभावना बनी हुई है। यह पहली बार नहीं है कि अस्पताल की बेसमेंट में बरसाती पानी भरा है। इससे पहले भी कई बार बेसमेंट में पानी भरने के चलते दवा लेकर मरीजों का मेडिकल रिकार्ड तक खराब हो चुका है। अस्पताल की बिल्डिंग में लीकेज के चलते शुक्रवार को इमरजेंसी, निक्कू वार्ड के बाहर से लेकर अस्पताल परिसर के कई वार्डों में पूरे दिन बरसाती पानी टपकता रहा।