संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। प्रशासन के साथ दो बार बैठक होने के बावजूद भी कोई समाधान नहीं निकलने पर वोकेशनल टीचर शुक्रवार शाम को सीएम हाऊस का घेराव करने निकल पड़े। सेक्टर-5 धरनास्थल पर प्रदेशभर से पहुंचे वोकेशनल टीचरों ने जोरदार नारेबाजी कर सरकार पर आरोप लगाए।वोकेशनल टीचर के प्रदर्शन के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस को तैनात किया गया। वोकेशनल टीचर धरनास्थल से निकले तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनको रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी टीचर बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गए। इसके बाद पुलिस ने होटल बेला विस्टा के पिछली सड़क पर बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और वोकेशनल टीचरों में जमकर धक्का-मुक्की हुई। मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने उनकी मुलाकात वरिष्ठ अधिकारियों से करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वोकेशनल टीचर वापस धरनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस वोकेशनल टीचर के प्रतिनिधिमंडल को वरिष्ठ अधिकारियों से मिलाने ले गई।
- वोकेशनल टीचरों की मुख्य मांगें
- सीएस कार्यालय 2013 के अनुसार सीएफएमएस 18768 में वोकेशनल शिक्षकों की तैनाती हरियाणा विद्यालय शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) में की जाए।
- सभी 2013 वोकेशनल शिक्षकों का वेतन 33550 से बढ़ाकर विभाग में पहले से कार्यरत 147 वोकेशनल शिक्षकों के समान 57400 रुपये किया जाए।
-हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद में डिप्लॉयमेंट, वेतन बढ़ोतरी और सर्विस बाय लॉज 2013 में शामिल करके नियमित किया जाए और कैशलैस मेडिकल सुविधा दी जाए।