पंचकूला। जिले के 321 नंबरदारों को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्मार्ट फोन वितरित किए। स्मार्ट फोन की सुविधा मिलने से नंबरदार राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों को बेहतर ढंग से कम समय में पूरा कर सकेंगे। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त महावीर कौशिक, एसडीएम ऋचा राठी और एसीपी राजकुमार भी उपस्थित रहे। इस मौके पर स्पीकर ने कहा कि हरियाणा सरकार की तरफ से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राज्य के सभी नंबरदारों को उनकी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए निशुल्क स्मार्ट फोन वितरित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि नंबरदार ग्रामीण व्यवस्था की रीढ़ है। सरकार की विभिन्न योजनाओं को गांवों में बेहतर ढंग से लागू करवाने में वे अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गांव में रहने वाले लोगों, जमीदारों और किसानों के जीवन स्तर को उठाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आज ना केवल किसानों को उनकी फसल के उचित दाम मिल रहे हैं बल्कि पैसे का भुगतान भी सीधे बैंक खातों में किया जा रहा है।
इसके अलावा ओलावृष्टि, बारिश, सूखा और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की वजह से हुए फसल के नुकसान की भरपाई के लिए जो मुआवजा आठ वर्ष के कार्यकाल में दिया गया वह पिछले 50 वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। इस मौके पर तहसीलदार पंचकूला पुण्यदीप शर्मा, तहसीलदार रायपुररानी वीरेंद्र गिल, तहसीलदार कालका विक्रम सिंगला, नायब तहसीलदार पंचकूला हरदेव, नायब तहसीलदार मोरनी पूनम सोलंकी, नायब तहसीलदार कालका जितेंद्र गिल, नायब तहसीलदार बरवाला अभिनव गौतम भी उपस्थित रहे।