माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शारदीय नवरात्र से एक दिन पहले श्रद्धालुओं के लिए माता मनसा देवी मंदिर का वीआईपी गेट तक जाने वाला मार्ग खोल दिया जाएगा। 11 जुलाई को भारी बारिश की वजह से मंदिर के पास रोड़ भवन के सामने पुल तेज बहाव में बह गया था। इस रूट पर करीब डेढ़ माह से लोगों का आवागमन बंद है। इस मार्ग को खोलने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने टेंडर लगाया था। करीब 81 लाख की लागत से इसका काम पूरा किया गया है।
बता दें कि शारदीय नवरात्र में उत्तर भारत से लाखों की संख्या में लोग माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। पुल का निर्माण कार्य नवरात्र से पहले पूरा नहीं होता, तो श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता। श्रद्धालुओं के सुविधा के मद्देनजर एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग ने दिन और रात दोनों समय काम करवाया और अब पुल का टेंडर लगाने का काम भी पूरा कर लिया गया है।
भारी वाहनों का आवागमन रहेगा बंद
7 अक्तूबर सुबह करीब सात बजे पुल निर्माण के लिए आरसी का लेंटर डालने का काम शुरू किया गया था। यह 8 अक्तूबर की रात 8 बजे तक पूरा कर लिया गया। इस मार्ग से 14 अक्तूबर से लाइट वेट वाहनों का आवागमन शुरू किया जाएगा। इसमें दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल हैं। मार्ग खुलने के बाद नवरात्र तक इस मार्ग पर ट्रक और बसों का आवागमन बंद रहेगा ताकि लेंटर उचित तरीके से सेट कर जाए।
बारिश के चलते रोड़ भवन के पास पुल बह गया था। इसका काम करीब 81 लाख रुपये की लागत से पूरा कर लिया गया है। 14 अक्तूबर को श्रद्धालुओं के लिए वीवीआईपी मार्ग खोल दिया जाएगा। - एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी