पंचकूला। चेकिंग के दौरान अगर किसी भी उम्मीदवार, उसके एजेंट या पार्टी कार्यकर्ता की गाड़ी में 50 हजार रुपये से अधिक की नकद राशि, ड्रग्स, शराब, हथियार या उपहार सामग्री मिलेगी तो उसको जब्त कर लिया जाएगा। उपहार सामग्री की कीमत दस हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उसका प्रयोग मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए किया जा सकता है। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यश गर्ग ने दी है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में नकद, शराब, हथियार और अन्य चुनाव संबंधी सामग्री पर निगरानी रखने के लिए उड़नदस्तों और निगरानी टीमों (एसएसटी) का गठन किया गया है। इसके अलावा लोगों को असुविधा से बचाने और उनकी शिकायतों के निवारण के लिए एक समिति का गठन किया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त पंचकूला सचिन गुप्ता इस समिति के अध्यक्ष होंगे जबकि जिला परिषद पंचकूला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, डीईटीसी (जीएसटी) पंचकूला हनीश गुप्ता और खजाना अधिकारी सुनीता पातर इस समिति के सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि यह समिति पुलिस, निगरानी टीमों या उड़नदस्तों द्वारा की गई जब्ती के मामलों पर संज्ञान लेगी। उन्होंने कहा कि समिति ऐसे सभी मामलों पर संज्ञान लेगी और जब्ती पर जारी निर्देशों के अनुसार निर्णय लेगी।