चंडीगढ़। देश के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू 19 सितंबर रविवार को गुरुग्राम में दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पहला कार्यक्रम सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में सुबह 11 बजे होगा, जहां पर उपराष्ट्रपति द्वारा दीनबंधु सर छोटूराम के लेख व भाषणों पर आधारित पुस्तकों के 5 वॉल्यूम का विमोचन किया जाएगा। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा अन्य नेतागण भी उपस्थित रहेंगे। वहीं, उपराष्ट्रपति का दूसरा कार्यक्रम सेक्टर-23 स्थित नॉर्थ कैप यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जा रहा है, जहां पर पैरालंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। पैरालंपिक खेलों में हरियाणा के 19 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 6 ने पदक जीतकर देश की झोली में डाले।