संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर स्थित एक दुकान के शाैचालय में मोबाइल छिपाकर युवतियों की वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवतियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक डिब्बे में मोबाइल छिपाकर वीडियो बनाते थे। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हंगामा मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, दो युवतियों ने शिकायत में बताया कि उनके समेत चार लड़कियां एक कार्यालय में काम करती हैं। उनके ऑफिस के मालिक ने उनको दुकान का शाैचालय इस्तेमाल करने को कहा है। सोमवार की शाम करीब 5 बजे जब दो युवतियां शाैचालय गईं तो टायलेट शीट के सामने शौचालय साफ करने वाला एक डिब्बा देखा। उसमें छेद किया हुआ था। उन्होंने उसकी जांच की तो उसमें मोबाइल रखा हुआ था। मोबाइल में रिकॉर्डिंग हो रही थी। युवतियों के अनुसार मोबाइल लेकर अपने मालिक के पास पहुंचीं तो उन्होंने पुलिस में शिकायत देने के बजाय मोबाइल से वीडियो डीलिट कर उनको ही डांटा। यहां तक कि युवतियों ने जो फोटो ली थी उसे भी डिलिट करवा दिया।
ऑफिस संचालक ने धमकाया कि इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताना। उसके बाद युवती ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजन पूरे गांव के लोगों के साथ पिंजौर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसएचओ पिंजाैर सोमबीर सिंह का कहना है कि युवतियाें की शिकायत पर दो आरोपियोां पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आगामी जांच जारी है।