माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर सेक्टर 26-27 डिवाइडिंग रोड भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अंडरपास बनाने जा रहा है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बैंक गांरटी देकर प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेज ठेकेदार द्वारा एनएचएआई से साइन कराने हैं। इस प्रक्रिया में करीब 15 दिन का समय लगेगा। इसके बाद प्रोजेक्ट का काम शुरू हो जाएगा। इसका फायदा सेक्टर-25, 26, 27, 28 सहित आसपास के करीब 25 हजार लोगों को मिलेगा। इन सेक्टरों की तरफ से आने वाली गाड़ियां जिन्हें आईटीबीपी और रामगढ़ की तरफ जाना होता है, वह सीधा अंडरपास से निकल जाएंगी। पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर जाने वाले वाहन अंडरपास के जंक्शन के ऊपर से निकल जाएंगे। इससे सड़क हादसों में कमी आएगी और ट्रैफिक की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
एनएचआई ने बनाया प्रस्ताव, दो स्पैन का होगा निर्माण
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर सेक्टर 26-27 डिवाइडिंग रोड पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। 15 करोड़ की लागत से प्राधिकरण 40 मीटर का स्पैन बनाएगा। इसमें 20-20 मीटर के दो स्पैन होंगे। इसकी ऊंचाई साढ़े चार मीटर होगी। वहीं यू टर्न के लिए साथ में पैडेशियन अंडरपास भी बनेगा। यह छह बाय तीन का होगा। इसे दोनों तरफ तीन-तीन मीटर का बनाया जाएगा। अभी इसका टेक्निकल बिड खुल चुका है। फाइनेंशियल बिड खुलना शेष है। प्रोजेक्ट का काम एक साल में पूरा कर लिया जाएगा।
रिंग रोड का ट्रैफिक भी आसानी से निकलेगा
जीरकपुर रिंग रोड का ट्रैफिक भी पीरमुछल्ला होकर पंचकूला के सेक्टर-25-26 से होकर सेक्टर-26 और 27 के अंडरपास से सीधा पंचकूला-यमुनानगर मार्ग पर निकल जाएगा। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और घग्गर पार के सेक्टरों में रहने वाले स्थानीय लोगों भी दिक्कतें पेश नहीं आएंगी।
स्थानीय लोगों की मांग पर सेक्टर-26 व 27 कट के पास 15 करोड़ की लागत से अंडरपास बनाया जा रहा है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ठेकेदार की तरफ कुछ कागजी कार्रवाई शेष रह गई है। इसके पूरा होते ही अगले 15 दिनों के भीतर प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। - प्रियंका मीना, उप महाप्रबंधक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण।