मोरनी। ब्लॉक के गांव टिकरी के पास वीरवार को एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की टांगें फ्रैक्चर हो गईं। घायलों की पहचान केशव (18) कालका और कमल (30) थापली गांव के रूप में हुई है। कमल एक चाय की दुकान चलाता हैं। दोनों अपने काम से मोरनी आए थे और घर जाते समय एमजी हैक्टर के साथ यह हादसा हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से वन विभाग की गाड़ी से दोनों को मोरनी के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित सामान्य अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। लोगों के मुताबिक, दुर्घटना वाहन का नियंत्रण खोने से हुई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि करते हुए मोरनी चौकी में कार्यरत एएसआई राजेंद्र सिंह ने कहा कि घटना जरूर हुई है लेकिन अभी उनके पास शिकायत नहीं आई है।