पंचकूला। चौकी गांव क्षेत्र में अजगरों की मौजूदगी से फैली दहशत को नगर निगम के स्नैक कैचर लियाकत खान ने 24 घंटे के भीतर खत्म कर दिया। स्नैक कैचर ने 24 घंटे में गांव चौकी दो अजगरों को सुरक्षित तरीके से पकडक़र जंगल में छोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अजगर पिछले कुछ दिनों से चौकी गांव में कुत्तों के बच्चों को अपना शिकार बना रहा था, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया था। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत नगर निगम के स्नैक कैचर को दी। सूचना मिलते ही लियाकत खान 27 दिसंबर की सुबह मौके पर पहुंचे और अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बाद में उसे मोरनी के जंगल में छोड़ दिया गया। इसके अगले ही दिन, 28 दिसंबर को चौकी गांव में एक और अजगर दिखाई देने की सूचना मिली। स्नैक कैचर ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दूसरे अजगर को भी सुरक्षित पकड़ा और उसे भी मोरनी के जंगलों में छोड़ दिया।