संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। शनिवार की रात करीब आठ बजे ऑटो में सवार दो युवकों ने एक स्कूटर सवार निशक्त दंपती का पीछा कर पहले उनका रास्ता रोका और फिर उनके साथ मारपीट कर उनको लूटने का प्रयास किया। लेकिन लोगों की भीड़ देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित दंपती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला नजमा बेगम ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की रहने वाली है। रविवार को वह अपने पति नासिर दीन के साथ गांव माजरा मेहताब से स्कूटर पर सवार होकर अपने मायके जा रही थी। रात करीब 8 बजे जब वह गांव चरनिया के पास पहुंचे तो देखा उनके स्कूटर के पीछे एक ऑटो आ रहा था, जिसमें चालक के साथ एक युवक भी था। इतने में ऑटो तेजी से आया और हमारे स्कूटर के साथ चलने लगा साथ ही ऑटो चालक युवक के साथ बैठा दूसरा युवक उसका पर्स छिनने की कोशिश करने लगा, लेकिन छीन नहीं पाया।
वहीं, जब तेजी से वह खेड़ावाली चौक पर पहुंचे तो उन्होंने अपना ऑटो हमारे स्कूटर के आगे लगा दिया। तभी ऑटो में बैठा युवक उसका पर्स और ऑटो चालक मेरे पति का मोबाइल फोन छिनने की कोशिश करने लगा। जब उन्हाेेंने पर्स और मोबाइल फोन छीनने नहीं दिया तो उन्होंने मेरे पति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देने लगे। उनका शोर सुनकर वहां लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी तो दोनों आरोपी ऑटो में बैठकर भाग निकले। नजमा बेगम ने पुलिस को बताया कि उक्त दोनों आरोपी गांव बाड़ गोदाम के रहने वाले हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।