बरवाला। राजकीय महाविद्यालय बरवाला में प्रथम वर्ष के दाखिले एक अगस्त से ऑनलाइन होंगे। इस बारे में उच्च शिक्षा के महानिदेशक कार्यालय से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि प्रवेश की प्रक्रिया एक अगस्त से प्रारंभ हो जाएगी। महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. ऋचा सेतिया ने बताया कि इस वर्ष से महाविद्यालय में दो नए कोर्स शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पीजीडीसीए एंड बीए विद कंप्यूटर साइंस यह दोनों कोर्स शुरू हो गए हैं। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि दस्तावेजों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन 2 से 9 अगस्त तक की जाएगी। पहली मेरिट सूची 12 अगस्त को जारी कर दी जाएगी। यह सूची 16 अगस्त तक मान्य होगी। पहली मेरिट सूची के दस्तावेज 13 से 16 अगस्त तक जमा करवाए जा सकेंगे। सभी कालेजों द्वारा दूसरी मेरिट सूची 19 अगस्त को जारी कर दी जाएगी। यह सूची 23 अगस्त तक मान्य होगी। कागजात 23 अगस्त तक जमा करवाए जा सकेंगे। बची हुई सीटों के लिए 26 अगस्त को फिर से पोर्टल खोला जाएगा। बताया गया है कि लड़कियों और हरियाणा के अनुसूचित छात्रों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये होगा और लड़कों के लिए यह शुल्क 100 रुपये रहेगा।