पंचकूला। पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस की एसआईटी टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तारी कर बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इनकी पहचान संदीप निवासी गांव खदकाड, जींद और विक्रम निवासी गांव उगलाना, हिसार के रूप में हुई है। एसीपी और एसआईटी प्रमुख विजय नेहरा ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस भर्ती के लिखित परीक्षा में अपनी जगह डमी परीक्षार्थी बैठाकर लिखित परीक्षा पास की थी। सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में हाल ही में हुए फिजिकल टेस्ट के दौरान आरोपियों के फिंगर प्रिंट के मिलान नहीं हुए। इसके अलावा लिखित परीक्षा की सीसीटीवी फुटेज और वीडियोग्राफी में भी मिलान नहीं होने पर हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की ओर से मामले की शिकायत पुलिस में दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सेक्टर 5 पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े में अब तक 8 अलग-अलग मामलों में 116 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।