संवाद न्यूज एजेंसी
बटाला। बटाला पुलिस ने फिरौती लेकर एक दुकान पर फायरिंग करने वाले एक गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। एसपी (डी) बटाला गुरप्रताप सिंह सहोता ने बताया कि 25 अगस्त को एक दुकानदार की दुकान पर फिरौती को लेकर दो युवकों द्वारा गोलियां चलाई थी। इस संबंध में दुकान के मालिक ऋषि गर्ग की शिकायत पर थाना सिविल लाइन बटाला में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सोमवार को बटाला पुलिस को एक बडी कामयाबी मिली जब उक्त दुकान पर गोलियां चलाने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों नामजद आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह निवासी गांव दालम और संदीप सिंह निवासी गांव दालम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों ही गुर्गों ने अपने मास्टरमाइंड के कहने पर पैसे लेकर इस फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उक्त दोनों का रिमांड लेने जा रही है।