संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने दो पुल टूटने से बद्दी-नालागढ़ की तरफ जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। बरसाती नदियों में अधिक पानी आने के कारण मढ़ावाला पुल क्षतिग्रस्त हुआ। सोमवार को तेज बहाव के कारण कीरतपुर पुल भी टूट गया। इन पुलों के टूट जाने से हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला, बद्दी, नालागढ़ के लिए आवाजाही के मार्ग बंद हो चुके हैं।
दूसरी तरफ निरीक्षक ट्रैफिक सतबीर सिंह ने आमजन की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर बताया कि पिंजौर से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) जाने वाले रोड पर भारी बारिश के कारण गांव मढ़ावाला के नजदीक पुल टूटने के कारण पिंजौर से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) जाने वाले रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। यातायात को शिशमा (पिंजौर) से बद्दी (शिमला) की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है। इंसपेक्टर ट्रैफिक ने बताया कि अनावश्यक यात्रा करने से बचें और पंचकूला से बद्दी (हिमाचल प्रदेश) की तरफ जाने के लिए सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं।