बरवाला। बरवाला मौली सड़क मार्ग पर गांव बतौड़ बस स्टॉप के नजदीक एक कार की टक्कर लगने से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी अनुसार कुलवंत पुत्र रामनाथ वासी बतौड़ व उसका साथी भूपेंद्र उर्फ़ सोनू वासी बरवाला देर शाम अपनी बाइक पर सवार होकर बरवाला कस्बे से गांव बतौड़ जा रहे थे। जैसे ही वे सड़क मार्ग पर गांव के बस स्टॉप के नजदीक पहुंचे तो उनके पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको आसपास व सड़क से गुजर रहे लोगों ने प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र बतौड़ पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर 6 पंचकूला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं सेक्टर-6 से डॉक्टरों ने कुलवंत की ज्यादा गंभीर हालत देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल का मुआयना कर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुटी है।