संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर से ई-रिक्शा चोरी करने के दो आरोपियों को सेक्टर-10 चौकी इंचार्ज मनदीप सिंह ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की चार ई-रिक्शा बरामद हुईं हैं। आरोपियों ने चोरी किए ई-रिक्शा को अलग-अलग जगह छिपाकर रखा हुआ था। आरोपियों की पहचान रोहित और नरेंद्र कुमार हाउसिंग बोर्ड कांप्लेक्स सेक्टर-14 निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी रोहित ऑटो चलाता है जबकि नरेंद्र डिलीवरी बॉय है। आरोपी दुकान और मार्केट में खड़े ई-रिक्शा की पहले रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी चोरी के ई-रिक्शा किसी को बेच पाते उसे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सेक्टर-11 से चोरी किया था ई-रिक्शा
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-38 चंडीगढ़ निवासी नील कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-11 स्थित आईडीबीआई बैंक में बतौर चपरासी नौकरी करता है। उसने सोमवार सुबह अपना ई-रिक्शा बैंक के बाहर खड़ा किया था। कुछ समय बाद उसने देखा तो उसका ई-रिक्शा वहां नहीं था। शिकायतकर्ता ने अपने स्तर पर ई-रिक्शा की तलाश की, लेकिन वाहन नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। इसी मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।