पंचकूला। सेक्टर-17 निवासी बुजुर्ग से 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपियों को सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान टीलू राम भिवानी और अमित कुमार सोनीपत निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों के अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों से रुपये भी बरामद किए जाएंगे। पुलिस के अनुसार, सेक्टर 17 निवासी राजेंद्र गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 फरवरी की दोपहर उनके मोबाइल पर एक कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए कहा कि उसे लोगों की आर्थिक सहायता करने की इच्छा है और इसके लिए उसने बुजुर्ग के बैंक खाते में 4.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए है। इसका मैसेज भी आरोपी ने भेजा था। आरोपी ने पीड़ित बुजुर्ग को आकाश नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में मेडिकल इमरजेंसी के लिए 3 लाख रुपये जमा करवा देने को कहा और बाकी के पैसे बुजुर्ग को अपने पास रख लेने को कहा। बुजुर्ग ने जब आरोपी से जमा किया रुपया वापस करने को कहा तो आरोपी ने कहा कि वह जल्द ही उनके बैंक खाता में पैसा ट्रांसफर कर देगा। भरोसे में आकर बुजुर्ग से आरोपी ने 22 लाख रुपये ठग लिए थे। पैसा वापस नहीं आने पर बुजुर्ग ने अपने परिजनों को मामले के बारे में बताया तो धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।