पंचकूला। एमडीसी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं। पुलिस को गश्त के दौरान गांव सकेतड़ी क्षेत्र में सूचना मिली कि दो व्यक्ति मनसा देवी रोड के पास एक खाली प्लॉट में ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर रेड की। रेड के दौरान पुलिस ने देखा कि दो व्यक्ति अखबार बिछाकर ताश की बाजी लगा रहे थे और आपस में पैसों की चाल बोल रहे थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नरेश कुमार निवासी बापूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 चंडीगढ़ और सुखबिंद्र सिंह निवासी नयागांव, मोहाली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर नरेश कुमार के पास से 840 रुपये और सुखबिंद्र सिंह के पास से 1170 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा मौके पर बिछाए गए अखबार और ताश के पत्तों के साथ 1720 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 3730 रुपये और 52 ताश के पत्ते पुलिस ने कब्जे में लिए। पुलिस ने बरामद नकदी और सामान को सबूत के तौर पर कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।