पंचकूला। सड़क किनारे खड़े ट्रकों में सोने वाले या कुछ समय के लिए ट्रक से बाहर जाने वाले चालकों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को चंडीमंदिर थाना पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान चंडीमंदिर निवासी अजय (24) और महेन्द्र (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6100 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, आठ एटीएम/डेबिट कार्ड, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।। पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की रात एक ट्रक चालक चंडीमंदिर लाइट पार करने के बाद सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर खाना खाने के लिए चला गया था। करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो ट्रक की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चालक के दस्तावेज, बैंक पासबुक और नकदी गायब मिली। इसके बाद उसने मामले की शिकायत चंडीमंदिर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।