संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुंजन बजाज उर्फ मोन्टी (33) निवासी यमुनानगर और आदित्य सिंह उर्फ राजू (25) निवासी सेक्टर-25, पंचकूला के रूप में हुई है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 16 फरवरी 2026 को एमडीसी थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी मोटरसाइकिल को जीएच-6 की पार्किंग में खड़ा किया गया था। बाद में जब वह वापस आया तो बाइक वहां से गायब मिली। शिकायत पर एमडीसी थाना में मामला दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-2 के इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने 3 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक चोरी की वारदात से संबंधित है। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।