पंचकूला। अदालत ने सोने की बालियां छीनने के एक मामले में दो आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। यह फैसला पंचकूला की अदालत ने सुनाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 22 मार्च 2024 की है, जब सेक्टर-16 निवासी महिला अपने पति के साथ रिक्शा से घर लौट रही थीं। जैसे ही वे अपने घर के सामने रिक्शा से उतर रही थीं तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीछे से आए और उनमें से एक युवक ने महिला के कानों से सोने की बालियां छीन लीं और फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान, पुलिस ने गगन और लवी अरोड़ा उर्फ लविश को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया, जो उस समय किसी अन्य मामले में पटियाला जेल में बंद थे। पुलिस का दावा था कि आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर सेक्टर-12 के ट्रैफिक पार्क के पास एक नाले में पत्थर के नीचे छिपाई गई बालियां बरामद की गईं। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ मामला साबित करने में विफल रहा।