ऑटो सवार समेत 5 लोग घायल, दो लोगों की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पिंजौर-सूरजपुर बाईपास के समीप रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और ऑटो में सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिये उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। आरोपी चालक मौके से ट्रक समेत फरार हो गया। घायलों की पहचान जगमोहिंदर, अजयपाल पिंजौर, अमनदीप पिंजौर ऑटो चालक भारू चंडी मंदिर और पृषवि हिमशिखा पिंजौर निवासी के रूप में हुई है। अजयपाल ही हालत गंभीर देखते हुए उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। हरियाणा रोडवेज में कार्यरत कर्मचारी जगमोहिंदर के पेट में चोट पहुंचने के गहरा जख्म हो हुआ। उनका उपचार सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में चल रहा है। घायल की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
सूरजपुर के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे ऑटो एचएमटी पिंजौर से पंचकूला की आ रहा था। जैसे ही ऑटो सूरजपुर बाईपास के समीप पहुंचा तभी रॉन्ग साइड से एक ट्रक तेज गति से पंचकूला की ओर जाने की कोशिश करने लगा तभी उसने ऑटो में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल से घायलों के परिजनों को सूचना दी गई। हादसे में ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया है। सूरजपुर बाईपास के समीप फ्लाइओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। वाहन चालक हर रोज सूखोमाजरी फ्लाईओवर के साथ वाली सड़क से पंचकूला की ओर जाने के लिए रॉन्ग साइड से आते है। जिस कारण हादसे होते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है।
कोट
घायल की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।
प्रताप सिंह, अमरावती पुलिस चौकी इंचार्ज