चंडीगढ़। शिक्षा विभाग ने स्कूल ऑफ एमिनेंस में तैनात किए गए 162 अध्यापकों के तबादले रद्द कर दिए हैं। इस संबंधी सोमवार को शिक्षा विभाग की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं। डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन सेकेंडरी की ओर से जारी पत्र में साफ लिखा है कि शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई है। उम्मीद है कि इसके बाद अध्यापक अपने पुराने स्कूलों में जा पाएंगे।
जानकारी के मुताबिक यह आदेश विभाग को उस समय जारी करने पड़े हैं, जब कुछ स्कूल शिक्षामंत्री द्वारा 23 अक्तूबर को जारी आदेशों की पालन करने से बच रहे थे। स्कूलों का कहना था कि जब तक इस संबंधी आदेश विभाग से जारी नहीं होते हैं, तब तक वे शिक्षकों को नहीं जाने देंगे।
याद रहे कि 10 अक्तूबर को राज्य में नए स्थापित किए गए 117 स्कूल आफ एमिनेंस के लिए 162 शिक्षकों के तबादले किए गए थे । इन शिक्षकों में लेक्चरर व कंप्यूटर शिक्षक शामिल थे। यह आदेश जारी होने के बाद शिक्षक यूनियनों ने इसका कड़ा विरोध किया था। शिक्षक यूनियन ने इस मामले को शिक्षामंत्री के समक्ष उठाया था। उनका कहना था यदि बीच सेशन में शिक्षकों के तबादले होंगे तो विद्यार्थियों को दिक्कत आएगी, उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होगी। इसके बाद शिक्षामंत्री ने इस आदेश को वापस ले लिया था। हालांकि उस समय आदेश शिक्षामंत्री की तरफ से हुए थे।