संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेल सेक्शन दुरुस्त होने के चलते मंगलवार को इस रूट पर दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है। बता दें कि अंबाला मंडल के कर्मचारियों ने लगातार तीन दिन तक दिन-रात कार्य करके सेक्शन को दुरुस्त कर दिया है।
गौरतलब है कि 22 मार्च को रेलवे ने उक्त सेक्शन पर शिमला तक ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। क्योंकि जतोग और समरहिल रेलवे स्टेशन के बीच पुल नंबर 800 के एक सिरे से मिट्टी दरक गई थी।
रेलवे ने सुरक्षा कारणों से शिमला तक ट्रेनों का संचालन तुरंत रोक दिया था। हालांकि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उस दिन रेलवे ने तीन ट्रेनों का संचालन किया था, जिसमें से दो ट्रेनें तारादेवी जबकि एक कंडाघाट तक गई थी। अन्य दो दिनों 23 व 24 जून को सैलानियों की सुविधा के लिए तारादेवी, कंडाघाट, बड़ोग, सोलन तक इस रूट पर सभी 7 टॉय ट्रेनों का संचालन किया गया था। मंगलवार को कालका-शिमला रेल मार्ग पर दोनो ओर से टॉय ट्रेन का संचालन किया गया।
जतोग ओर समरहिल के बीच बने पुल नंबर-800 के पास मरम्मत कार्य पूरा होने पर जहां रेलवे विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है, वहीं सैलानियों के चेहरे भी खिले नजर आए। क्योंकि पिछले 3 दिन से सैलानियों को तारादेवी स्टेशन पहुंचने के बाद टैक्सी, बस व अन्य माध्यमों से शिमला जाना पड़ रहा था। ऐसे में उनके सफर का रोमांच किरकिरा हो रहा था वहीं उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा था।
मरम्मत कार्य सम्पन्न होने के बाद ट्रायल रहा था सफल
समरहिल के समीप पुल नंबर 800 पर मरम्मत के चलते पिछले तीन दिनों से कालका से शिमला रेलवे ट्रैक पर सभी ट्रेनें तारादेवी, सोलन और बड़ोग तक ही चलाई जा रही थी। रेलवे विभाग के मुताबिक बरसात के मौसम को देखते हुए यहां पुल के नीचे पक्के आरसीसी के पिलर बनाए गए हैं। सोमवार दोपहर के बाद तकनीकी विशेषज्ञों से ट्रेनों को चलाने की अनुमति के बाद सबसे पहले ट्रॉली इसके बाद इंजन को इस पुल से गुजारा गया। इनका सफल ट्रायल होने के बाद हिमालयन क्वीन ट्रेन इस पुल से गुजरकर शिमला रेलवे स्टेशन तक पहुंची।
कोट
जतोग और समरहिल रेलवे स्टेशन के बीच पुल नंबर 800 के नीचे से दरकी मिट्टी को दुरुस्त कर दिया गया है। सोमवार दोपहर को यह कार्य पूरा कर लिया गया था। जिसके बाद यहां पर ट्रेन का ट्रायल भी किया गया था जोकि सफल रहा था, मंगलवार से कालका-शिमला रेलमार्ग पर दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन पहले की तरह होने लगा है।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।