संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। बारिश और भूस्खलन की वजह से बाधित कालका-शिमला रेलमार्ग पर सोमवार को तीन टॉय ट्रेनों को रवाना किया गया। इसमें हिमदर्शन एक्सप्रेस, हिमालयन क्वीन टॉय ट्रेन और एक हॉलिडे स्पेशल शामिल है। रेलवे के अनुसार येलो अलर्ट और लगातार हो रहे भूस्खलन की वजह से तीसरे दिन केवल तीन ट्रेनों को रवाना किया जा सका। इसी तरह सोमवार को शिमला से कालका आने वाली ट्रेनों की संख्या चार रही।
इसमें अप-डाउन मिक्स, हिमदर्शन एक्सप्रेस, हिमालयन क्वीन और एक हॉलिडे स्पेशल शामिल है। इसके अलावा दूसरे चरण के ट्रायल का इंतजार कर ही पैनोरमिक काेच को भी सोमवार को शिमला के लिए रवाना कर दिया गया। दो दिन से कालका-शिमला रेलमार्ग पर भूस्खलन के चलते रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। कालका-शिमला रेलमार्ग पर शनिवार को केवल दो ट्रेनों को शिमला के लिए रवाना किया गया था, लेकिन रास्ते में भूस्खलन के चलते बीच रास्ते से कालका लौट आई थीं। रविवार को केवल एक टाॅय ट्रेन ही जैसे-जैसे कालका से शिमला पहुंची थी।
दूसरे चरण के ट्रायल के लिए पैनोरमिक कोच कालका पहुंचीं
सोमवार को दूसरे चरण के ट्रायल के लिए पैनोरमिक कोचों को सुबह 8:50 बजे कालका से शिमला के लिए रवाना कर दिया गया। पहला चरण पास होने के बाद शुक्रवार को पैनोरमिक कोचों को शिमला से कालका भेज दिया गया। अब वजन के साथ इनका ट्रायल होना है। इसके मद्देनजर कोचों में वजन के लिए 50-50 किलोग्राम के लोहे के बट्टे रखे गए हैं, दूसरे चरण का ट्रायल शनिवार से होना था लेकिन शनिवार और रविवार को कालका-शिमला रेलमार्ग पर भूस्खलन की वजह से दोनों दिन ट्रायल नहीं हो पाया था। अब सोमवार को चारों पैनोरमिक कोचों को शिमला के लिए रवाना कर दिया गया है।
सोमवार को कालका से शिमला के लिए 3 ट्रेनों को भेजा गया है ,वहीं शिमला से कालका के लिए 4 ट्रेन आई है। जिन लोगों की बुकिंग हुई है उनमें से ऑनलाइन बुकिंग वालो का ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग वालों का ऑफलाइन रिटर्न आ जाएगा। - सीताराम मीणा स्टेशन अधीक्षक कालका रेलवे स्टेशन।