माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर सतबीर सिंह के नेतृत्व में जिले में हाईवे पर ओवर स्पीड और लेन चेंज कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने इंटरसेप्टर मशीन से ओवर स्पीड 17 वाहनों और लेन चेंज करने वाले 39 वाहनों के चालान काटे।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने पांच दिन में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर करीब 598 वाहनों के चालान काटे। ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया कि हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को तेज गति से वाहन न चलाने, लेन में ड्राइविंग करने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, हेल्मेट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करने के लिए जागरूक किया गया।