संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। बैंक में नकली सोने के गहने रखकर सात लाख रुपये का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया हैै। चंडीमंदिर पुलिस ने बैंक अधिकारी की शिकायत पर अमरजीत सिंह और ज्वेलर दीपक भोला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर 27 निवासी अमरजीत सिंह ने करीब 353.200 ग्राम सोते के एवज में करीब 10 लाख रुपये सेक्टर-25 के बैंक ऑफ इंडिया में आवेदन किया था। बैंक की ओर से उनके इंपैनल्ड गोल्ड वैल्यूअर दीपक भोला द्वारा सोना का वैल्यूएशन करवाने के बाद एनओसी जारी किया गया और उसके बाद आवेदक को सात लाख रुपये लोन मंजूर कर दिया। इसके बाद बैंक द्वारा लोन दे दिया गया। कुछ समय बाद अमरजीत सिंह ने लोन की किस्तें जमा करवानी बंद कर दीं। उसके बाद बैंक द्वारा कई बार नोटिस जारी कर अमरजीत सिंह को किश्त का पैसा जमा करवाने को कहा गया, लेकिन उसने एक भी नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद बैंक द्वारा दिसंबर 2021 में रिकॉल नोटिस जारी किया गया लेकिन उसका भी आरोपी अमरजीत सिंह ने जवाब नहीं दिया। 3 अगस्त 2022 को बैंक परिसर में बैंक के दो गोल्ड वैल्यूअर द्वारा आवेदक के सोने की टेस्टिंग करवाई गई तो रिपोर्ट में सोना नकली निकला और 353.200 ग्राम की जगह उसका वजन 319 ग्राम निकला। बैंक को नकली सोना के बारे में जानकारी मिलते ही तुरंत मामले की शिकायत पुलिस में दी गई।