पंचकूला। रामगढ़ में डायरिया फैलने के बाद पानी के तीन सैंपल फेल आए हैं। इसके बाद विभाग ने लीकेज की जांच कर नए पाइप लगा दिए हैं।
वीरवार को पब्लिक हेल्थ विभाग ने सभी जगह पर कनेक्शन चेक किए। इस दौरान डायरिया फैलाने वाले पाॅइंट की पहचान हो गई है। बता दें कि गंदे नाली में लगी पेयजल की पाइप में लीकेज से रामगढ़ में लोगों में डायरिया के मामले आने लगे थे। लोगों के घरों में पानी के पाइप की चेकिंग की गई। इस दौरान विभाग के कर्मचारियों की ओर से पांच कनेक्शन ठीक किए गए। वहीं कनेक्शन चेक करने के बाद पानी की सप्लाई ठीक हो पाई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी लोगों को पानी की पाइप गलत तरीके से नहीं लगाने के लिए जागरूक किया। वहीं डोर टू डोर सर्वे किया। इसमें एक भी केस सामने नहीं आया है। उधर पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से चेक किए गए 24 सैंपल की की रिपोर्ट ठीक आई है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से भेजे 12 सैंपल में तीन सैंपल फेल पाए गए हैं। सैंपल फेल पाए जाने वाले ट्यूबवेल में पानी साफ करने के लिए क्लोरीन सहित अन्य दवाएं डाली गई हैं।
पंचकूला की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील की है कि लोग पानी को उबाल कर पीएं। इससे राहत रहेगी। किसी को दस्त और उल्टी की शिकायत है तो डॉक्टर की सलाह के बाद इलाज कराएं। वहीं पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन समीर शर्मा ने बताया कि सभी जगह पर पानी की जांच की गई है। लोगों के पानी के कनेक्शन नाली से होकर जा रहे थे, उसे उखाड़ा गया है। कनेक्शन को नई जगह से किया गया है।