बोरिंग के काम का शुभारंभ करते विस स्पीकर।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। गांव सकेतड़ी में सोमवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने तीन करोड़ रुपये से बनने वाले तीन ट्यूबवेलों की बोरिंग के कार्य का शुभारंभ हवन और जलाभिषेक से किया। उन्होंने बताया कि इस कार्य से सकेतड़ी के लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी। जल के बिना जीवन अधूरा है। जल बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र और हरियाणा सरकार की योजना हर घर में जल और हर घर में नल को धरातल पर लाना है। नगर निगम के एक्सईएन अंकित ने बताया कि इस कार्य को पूरा होने में लगभग चार माह का समय लगेगा। इन तीनों बोरिंग से लोगों को चार माह बाद पीने का पानी मुहैया करवाया जा सकेगा। इस प्रोजेक्ट में 700 किलोलीटर का क्लीयर वाटर रिजर्वर भी बनेगा और पानी को सकेतड़ी के लोगों तक पहुंचाने के लिए पांच किलोमीटर लंबी पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। तीन करोड़ के इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर तैयार पूरा करेंगे। इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, भाजपा के जिला प्रधान अजय शर्मा, पूर्व जिला प्रधान दीपक शर्मा, पंकज सूद एवं अन्य भाजपा के नेता मौजूद थे।