एक होटल मालिक को कर रहे थे तंग, कारोबार चालू रखने के लिए हर महीने 15 हजार मांग रहे थे
होटल मालिक ने दी थी शिकायत, इसके बाद ट्रैप लगाकर 17 हजार रिश्वत लेते किए काबू
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एक होटल के मालिक से 17 हजार रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस ब्यूरो ने सीआईए स्टाफ राजपुरा के इंचार्ज इंस्पेक्टर राकेश कुमार व उसके दो साथी पुलिस मुलाजिमों को काबू किया है। अन्य आरोपियों की पहचान हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह और होम गार्ड कुलदीप सिंह के तौर पर हुई है।
आरोपियों पर मोहाली के फ्लाइंग स्क्वाॅयड में भ्रष्टाचार निरोधी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। विजिलेंस को इस बारे में राजपुरा स्थित शहीद भगत सिंह काॅलोनी निवासी तेजिंदरपाल सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने बताया कि उसका राजपुरा में कैनेडियन नाम से गेस्ट हाउस और होटल है। आरोपी पुलिस वाले उसे होटल में अपने कारोबार को चलता रखने के बदले 15 हजार रुपये प्रति महीना रिश्वत की मांग कर रहे थे।
इस बारे में उसने विजिलेंस को शिकायत दी। शिकायत पर जांच के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया और इंस्पेक्टर राकेश कुमार को शिकायतकर्ता से 17,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए व हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही काबू किया। इस समय हेड कांस्टेबल के साथ पीएचजी कुलदीप सिंह भी मौजूद था।
याद रहे यह अपनी तरह का नया मामला सामने आया है, जब विजिलेंस ने सीआईए इंचार्ज को भी रिश्वत केस में काबू किया है। अब तक विभिन्न रिश्वत केसों में 30 से अधिक मुलाजिम विजिलेंस ब्यूरो ने पकड़े हैं। यहां तक कि पंजाब पुलिस के एआईजी आशीष कपूर को भी एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।